Friday, August 23, 2013

अयोध्या की सीमाएं सील,सिंघल नजरबंद

नई दिल्ली/लखनऊ। पाबंदी के बावजूद अयोध्या के आसपास 84 कोसी की परिक्रमा करने के विश्व हिंदू परिषद के ऎलान के खिलाफ उत्तर प्रदेश सरकार ने अयोध्या से सटे छह जिलों की सीमाएं सील कर दी है। साथ ही उन्होंने कहा कि वह उत्तर प्रदेश को गुजरात नहीं बनने देगी। विहिप के प्रमुख नेता अशोक सिंघल शुक्रवार को अयोध्या पहुंचने वाले थे,लेकिन उन्हें इलाहाबाद स्थित उनके घर में ही हाउस अरेस्ट कर दिया गया। खुद सिंघल ने ही एक बयान जारी कर कहा है कि उन्हें सिटी मजिस्ट्रेट ने इस बात की सूचना दी है कि वे हाउस अरेस्ट हैं तथा कहीं बाहर नहीं जा सकते।




उधर,विहिप की इस यात्रा को लेकर राजनीति गरमा गई है। माहौल को देखते हुए सुरक्षा बंदोबस्त कड़े कर दिए गए हैं। अयोध्या एक बार फिर पुलिस छावनी में तब्दील होता जा रहा है। चुनाव की आहटों के बीच उत्तर प्रदेश में एक बार फिर धर्मध्वजाएं लहराने लगे हैं। माना जाता है कि भगवान राम का साम्राज्य अयोध्या के इर्द-गिर्द 84 कोस में फैला था। इसीलिए श्रद्धालु हर साल चैत्र पूर्णिमा से वैशाख पूर्णिमा के बीच 84 कोस की यात्रा करते हैं। इस साल भी 25 अप्रेल से 20 मई के बीच ये यात्रा हुई।

No comments:

Post a Comment